
जैसे ही आपका बच्चा 10 महीने का हो जाता है, वह बेकाबू हो जाता है और आपको उसके साथ अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है। अगर आप सोचती है कि अब वह लम्बे समय के लिए एक जगह टिक कर बैठ जाएगा, तो आप बिल्कुल गलत सोचती हैं। 10 महीने का होने पर आप उसमें कई हैरान करने वाले बदलाव देखेंगे। आप देखेंगे कि कैसे आपका बच्चा नई चीज़ों और जगहों की जांच-पड़ताल में रूचि लेने लगेगा। असल में, यह महीना आपके अपने 10 महीने के बच्चे से दोस्ती का शुरुआती महीना समझा जाता है।
1शारीरिक विकास
10 महीने का होने पर आपका बच्चा स्वतंत्रता और आत्म निर्भरता के लिए पुरज़ोर कोशिश करने लगेगा। आप देखेंगे कि वह बिना किसी की मदद के उसके आसपास की हर चीज़ को जानने का प्रयास करेगा। इस उम्र में, आपका बच्चा क्रॉल करने (रेंगने) लगेगा और वस्तुओं का सहारा ले कर खड़े होने का भी भरपूर प्रयास करेगा। आप देखेंगे कि कैसे वह चीज़ों को पकड़ कर चलने लगेगा। इस उम्र में आप उसकी ऊर्जा के स्तर में भी बढ़ोतरी देखेंगे। आपके लिए उसको पकड़ पाना एक चुनौती बन जाएगी। इसलिए, आपको भी कुछ शारीरिक गतिविधियों के लिए तैयार रहना पड़ेगा।
एक 10 महीने के बच्चे से, आप कई समन्वय सुधारों की अपेक्षा कर सकते हैं। पहले के महीनों के विपरीत, 10 महीने का बच्चा बिना किसी परेशानी के छोटी वस्तुओं को अपने हाथों से उठा सकता है। ऐसे में, आपको और भी अधिक सावधान रहने की ज़रूरत होती है। आपको हर उस चीज़ को बच्चे की पहुँच से दूर रखना होता है, जिससे किसी भी तरह की दुर्घटना होने की पूरी संभावना हो सकती है।
इस उम्र में शिशु चीज़ों के आकर में फर्क करना सीख जातें हैं और यह भी समझ जाते हैं कि बड़े आकार की चीज़ों को छोटे आकर की चीज़ों में कैसे फिट किया जा सकता है।
जब मेरी बेटी 10 महीने की थी, तो मैं उसे व्यस्त और खुश रखने के उद्देश्य से, ब्लॉक और विभिन्न आकारों के प्लास्टिक के मग खेलने को देती थी।
आप जानकर थोड़ा हैरान होंगे, परन्तु 10 महीने का बच्चा लकड़ आदि से बने दराज़ों को खोलने में भी सक्षम हो जाता है। अब वह चीज़ों को उंगलियों के साथ पकड़ने और उनमें हेरफेर करने में भी सक्षम हो जाएगा। इसलिए, किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए, आपको बहुत सावधान रहने की आवश्यकता है।
आप देखेंगे कि कैसे एक 10 महीने का बच्चा, एक हाथ से खिलौने को पकड़ने और दूसरे हाथ से कोई और गतिविधि करने में निपुणता हासिल कर लेता है। उसकी यह क्षमता शरीर के विभिन्न भागों में एक बेहतरीन समन्वय (मुख्य तौर पर हाथ-आंख का समन्वय) और मानसिक तौर पर हुई वृद्धि का एक आदर्श उदाहरण है।
WHO के अनुसार, 10 महीने की उम्र मे, लड़कों का औसत वजन 7.5 – 11.2 किलोग्राम के बीच होता है, जबकि लड़कियों का औसतन वजन 6.8 – 10.7 किलोग्राम तक होता है।
ऊंचाई की बात की जाए तो, 9महीने के लड़के की औसतन ऊंचाई 69.0 – 77.6 सेंटीमीटर हो सकती है, जबकि इस उम्र मे लड़कियों की औसतन ऊंचाई 66.8-76.1 सेंटीमीटर के बीच होती है।
जरूर पढ़े – 8 महीने के शिशु के स्वास्थ्य और विकास के बारे में
2नींद
10 महीने की उम्र में, आप अपेक्षा कर सकते हैं कि आपका बच्चा घंटों तक बिना उठे आराम से सोता रहेगा। अब वह रात को भी आहार के लिए नहीं उठेगा। परन्तु, अगर आपके बच्चे के साथ ऐसा नहीं होता, तो आपको इस बात पर खास ध्यान देने की आवश्यकता है। आपको चाहिए कि आप अपने शिशु की नींद के लिए एक नींद अनुसूची बनाए अर्थात उसके सोने का समय निर्धारित करें और उस समय बच्चे को हर हाल में सुलाएं। ऐसा करना शिशु के बेहतर विकास के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है।
एक 10 महीने का बच्चा औसतन 10-12 घंटे तक सोता है। ये समय सीमा बच्चे के विकास और सक्रियता के साथ घट जाती हैं। जहां तक दोपहर या शाम की नींद का संबंध है, आप अपेक्षा कर सकते हैं कि दिन के दौरान आपका बच्चा दो हिस्सों में कम-से-कम दो घंटे ज़रूर सोएगा।
3बातचीत
एक 10 महीने के बच्चे के संचार में आप एक बड़ा सुधार देखेंगे। इस उम्र में, आप अपने बच्चे के इशारों में भी बहुत बढ़िया सुधार देखेंगे।
इस उम्र में आपका बच्चा जो कुछ भी देखता है वह उसकी नकल करता है। फिर चाहे आप अपने बालों को कंघी कर रहीं हों या फोन कॉल का जवाब दे रही हों। आपका बच्चा आपके हर हाव-भाव को बारीकी से देख कर उसकी नकल करने की कोशिश भी करेगा। इसके साथ ही, वह हर आवाज को बहुत सावधानीपूर्वक सुनेगा।
जब मेरी बेटी 10 महीने की थी, तब हर बार जब भी हम किसी पूजा स्थल पर जाते थे, वह भी मेरी तरह ही अपने सिर को ढकने की नक़ल करती थी। जब भी मैंने उससे पूछा कि कुत्ते या कार कहां है, तो उसने हमेशा अपनी उंगली को सही दिशा में उठाया।
इस उम्र में आप उम्मीद कर सकते हैं कि जैसे ही आपका बच्चा अपना नाम सुनेगा, वह अपनी भाषा में प्रतिक्रिया अवश्य देगा।
मैं यहाँ एक सुझाव देना चाहती हूं। अधिकांश माता-पिता अपने 10 महीने के बच्चे से बात करते समय बच्चे की तरह ही बात करने की कोशिश करते हैं। वह बच्चे की तरह ही तोतला बोलने का प्रयास करते हैं। उन्हें लगता है कि इस तरह बोलने से उनका बच्चा सुरक्षित महसूस करता है। लेकिन, यह एक बिल्कुल ही गलत धारणा है। इसकी बजाय, अपने बच्चे से बिना असहज शब्दों के इस्तेमाल किए, स्पष्ट रूप से बात करें।
वास्तव में आपको अपने बच्चे की नकल नहीं करनी है बल्कि उसे अपनी नक़ल करवानी है। सही शब्दों और उच्चारण का उपयोग न करने से, , आप न केवल बच्चे को गलत शिक्षा दे रहे हैं बल्कि उसे भ्रमित भी कर रहे हैं।
मुझे पता है कि 10 महीने के बच्चे का उच्चारण सही नहीं होता, फिर भी आपको यह समझने की आवश्यकता है कि वह आपका बच्चा आपके मुंह से बाहर आने वाले हर एक शब्द को सीखने वाला है।
4आहार विविधीकरण
जैसा कि आपके बच्चे के आहार विविधीकरण प्रक्रिया पहले से ही शुरू है, तो इस महीने में आप उसकी आहार शृखंला में नए स्वाद, नए फलों, नई सब्जियां, दही या सफेद मांस इत्यादि की शुरुआत कर सकते हैं।
इस उम्र में, क्योंकि आपके बच्चे के कुछ दांत आ जाते हैं, तो आप उसे थोड़े से गाढ़े और बड़े टुकड़ों वाले आहार भी दे सकते हैं। उपयुक्त आहार चार्ट के लिए, एक बाल रोग विशेषज्ञ से परामर्श करना बेहतर है।
एक 10 महीने के बच्चे से आप उम्मीद कर सकते हैं कि वह खुद से भोजन करना शुरू कर देगा। यदि आपने पहले यह कोशिश नहीं की है, तो अपने बच्चे को एक सही आकार का बर्तन दें और उसे अकेले खाने की कोशिश करने दें। शुरुआत में, आपका बच्चा काफी गंदगी डालेगा और आपको इस बारे में चिंतित नहीं होना है क्योंकि इस तरह से ही आपका बच्चा अकेला खाना सीखता है। ऐसे में आपको उसे कुछ चीज़े बिल्कुल नहीं देनी हैं जैसे कि पॉपकॉर्न, किशमिश या अन्य आसानी से निगले जा सकने वाले खाद्य पदार्थ।
जरूर पढ़े – आहार विविधीकरण – जानिये बच्चे की आहार में विविधता कैसे लाएं
5माता-पिता के लिए कुछ सुझाव
- चाहे यह उम्र बच्चे के पॉटी प्रशिक्षण को शुरू करने के लिए एकदम सही उम्र है, फिर भी आपको यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि आपका बच्चा कुछ प्रमुख आवश्यकताओं को पूरा कर रहा है।उदाहरण के लिए, आपका बच्चा पॉटी वाली सीट पर आराम से बैठने में सक्षम हो, थोड़ा बहुत खुद चल सकता हो और कम-से-कम 2 से 5 मिनट के लिए एक ही स्थिति में संतुलन बनाए रख सकता हो।
- एक 10 महीने का बच्चा पहले से कहीं अधिक ऊर्जावान और गतिशील हो जाता है। अब वह घर के हर कोने या उसके सामने आने वाली वस्तु को जांचने के लिए उत्सुक है। ऐसे में आपको बहुत सावधान रहने की जरूरत होती है क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी घातक हो सकती है।
- इस उम्र में आप अपने बच्चे में कुछ व्यवहारिक बदलाव देखेंगे, जो आपके लिए अजीब हो सकते हैं। आपको उन सभी बदलावों के प्रति अपना रवैया सावधानी भरा और नाज़ुक रखना होता है। आपका ऐसा करना आपके बच्चे के सम्पूर्ण विकास के लिए बहुत ज़रूरी है। उदाहरण के तौर पर, अगर आपका बच्चा अपने किसी पसंदीदा खिलौने के साथ सोना चाहता है, तो उसे ऐसा करने दें क्योंकि ऐसे में वह सुरक्षित महसूस करता है।
- इस उम्र में आप अपने बच्चे को उसके जननांगों से खेलता हुआ भी पाएंगे। चिंता करने की कोई बात नहीं है। वास्तव में, यह उसके जननांगों की खोज के बारे में एक प्राकृतिक जिज्ञासा है और इसे उसके विकास के एक महत्वपूर्ण चरण के रूप में देखा जाना चाहिए।
- इसके अलावा, आवश्यक टीकाकरण के बारे में भी आपको खास ध्यान रखना है।
जब आपका बच्चा 10 महीने का था, तो आपने उसमें क्या दिलचस्प या असामान्य देखा था? क्या इस उम्र के शिशु के विकास सम्बन्धी आपके कोई सुझाव है? हमारे अन्य पाठकों से ज़रूर बांटे। हमें सुनने में अच्छा लगेगा।
शिशु के स्वास्थ्य और विकास की और अधिक जानकारी
Do you need more help?
क्या आपको और मदद चाहिए?
- Write a Comment
- Write a Review
- Ask a Question
Be kind to others. False language, promotions, personal attacks, and spam will be removed.Ask questions if any, by visiting Ask a Question section.
दूसरों के प्रति उदार रहें, अभद्र भाषा का प्रयोग ना करें और किसी भी तरह का प्रचार ना करें।
यदि कोई प्रश्न हो तो, अपना प्रश्न पूछें सेक्शन पर जाएं।
सबसे पहले अपना अनुभव बाँटे।

















